Patrakar Vandana Singh
मुंबई (CSMT) से गोवा के मडगांव जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस कोंकण रेलवे मार्ग पर एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। सोमवार दोपहर सिंधुदुर्ग और कुडाल स्टेशन के बीच ओरोस के पास ट्रेन पटरी पर आए भैंसों के झुंड से टकरा गई। हादसे के चलते कोंकण रेलवे सेक्शन पर करीब तीन घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह ठप रहा। इस घटना का सबसे ज्यादा असर भराडी देवी मेले में जाने वाले यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें ट्रेनों में लंबे समय तक फंसे रहना पड़ा।
कोंकण रेलवे के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 5.30 बजे CSMT से रवाना हुई थी और करीब 11.30 बजे हादसा हुआ। लोको पायलट ने ट्रैक पर भैंसों को देखकर लगातार हॉर्न दिया, लेकिन चार भैंसें पटरी से नहीं हटीं और ट्रेन उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक भैंस उछलकर ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर के खंभे से टकरा गई, जिससे खंभा झुक गया और ओएचई वायर पटरी पर गिर पड़ा। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और सुरक्षा कारणों से पूरे सेक्शन में ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। ओएचई की बिजली आपूर्ति बंद कर आपातकालीन ब्लॉक लिया गया और करीब 2:30 बजे ट्रैक को सुरक्षित घोषित कर यातायात बहाल किया गया। इस हादसे में चारों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारण वंदे भारत, राजधानी, मांडवी, मरुसागर, जनशताब्दी, दुरंतो और मंगला एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Patrakar Vandana Singh
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |