Patrakar Vandana Singh
प्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शैक्षणिक सत्र 2026–27 में एमबीबीएस की कुल 2730 सीटों पर दाखिले की संभावना है। इस साल 5 सरकारी और 1 निजी सहित कुल 6 नए मेडिकल कॉलेज खुलने जा रहे हैं, जिससे 400 नई एमबीबीएस सीटें बढ़ेंगी। सीटें बढ़ने का सीधा फायदा यह होगा कि कटऑफ में राहत मिलेगी और ज्यादा छात्रों को सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का मौका मिलेगा।
फिलहाल प्रदेश में 10 सरकारी और 15 निजी मेडिकल कॉलेजों में 2330 एमबीबीएस सीटें हैं। नए सत्र में कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, जशपुर और गीदम में सरकारी जबकि रायपुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज खुलने की तैयारी है। इन सभी के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) में आवेदन किया जा चुका है। इसी बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 12वीं बायोलॉजी पास या अध्ययनरत छात्र 8 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि नीट यूजी परीक्षा 3 मई को आयोजित होगी।
प्रदेश से हर साल करीब 45 हजार छात्र नीट यूजी में शामिल होते हैं। पिछले साल कटऑफ काफी ऊंचा रहा था, लेकिन इस बार सीटें बढ़ने से इसमें गिरावट की उम्मीद है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग श्रेणी के छात्रों के पास वैध और अपडेटेड सर्टिफिकेट होना जरूरी है। साथ ही आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, फोटो और पता सही होना अनिवार्य है। नीट के आधार पर एमबीबीएस, बीडीएस, एम्स और इस साल से कई पैरामेडिकल कोर्स में भी दाखिला दिया जाएगा।
Patrakar Vandana Singh
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |