Patrakar Vandana Singh
राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान रात से दोगुना देखने को मिल रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री रहा। दिन में तेज धूप और सुबह-रात हल्की ठंड के कारण लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, हालांकि इसके बाद तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।
पिछले तीन दिनों से राजधानी समेत प्रदेश में हल्की ठंड की वापसी हुई है। न्यूनतम तापमान पहले 18 डिग्री तक पहुंचा था, जो अब घटकर 15 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ होने की वजह से उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। वहीं अधिकतम तापमान अगले एक सप्ताह तक लगभग इसी स्तर पर बना रहने की संभावना है।
अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में यह 10.8 डिग्री रहा। मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, खाड़ी क्षेत्र में कोई सिस्टम सक्रिय नहीं होने से उत्तर से आने वाली ठंडी हवाएं सरगुजा संभाग को प्रभावित कर रही हैं। इसी कारण होली तक रात और सुबह हल्की ठंड बरकरार रहने की संभावना है।
Patrakar Vandana Singh
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |