1 अप्रैल से शुरू होगी जनगणना की पहली प्रक्रिया, पूछे जाएंगे 33 सवाल
Raipur.The first census process,April 1, 33 questions,asked.

 

देशभर में जनगणना के पहले चरण की शुरुआत 1 अप्रैल से होगी, जिसमें मकानों की गणना और घर-सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इस चरण के लिए राज्यों को 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। छत्तीसगढ़ में परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अप्रैल से जनगणना कार्य शुरू होने की संभावना है। इसके लिए 33 सवालों की अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिनके तहत लोगों से उनके मकान की छत, फर्श और दीवार की सामग्री सहित बुनियादी जानकारी ली जाएगी।

जनगणना के दौरान आम नागरिकों से घर में उपलब्ध सुविधाओं जैसे रेडियो, टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन समेत कई जानकारियां मांगी जाएंगी। इसके अलावा परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या, पीने के पानी का स्रोत, शौचालय, रसोई, एलपीजी कनेक्शन और खाना पकाने में उपयोग होने वाले ईंधन की जानकारी भी शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, जनगणना में दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी। पहली बार यह प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसमें लोग स्वयं भी ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

जनगणना का दूसरा चरण, जिसे वास्तविक गणना कहा जाता है, फरवरी 2027 में किया जाएगा। इसी चरण में आजादी के बाद पहली बार जातिगत जनगणना भी होगी, हालांकि इसकी प्रश्नावली अभी जारी नहीं की गई है। छत्तीसगढ़ में इस बड़े कार्य के लिए करीब 63 हजार प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। पहले चरण के पूर्व परीक्षण का कार्य नवंबर 2025 में कबीरधाम, महासमुंद और रायपुर के चयनित क्षेत्रों में सफलतापूर्वक किया जा चुका है।

 
Priyanshi Chaturvedi 4 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.