Patrakar Priyanshi Chaturvedi
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान ‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ के उद्घाटन अवसर पर भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन, अंतरिक्ष यात्री और अशोक चक्र से सम्मानित शुभांशु शुक्ला ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह उनकी पहली छत्तीसगढ़ यात्रा है और स्पेस सेंटर के शुभारंभ से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। शुभांशु ने इस पहल को बच्चों और युवाओं में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति रुचि बढ़ाने वाला बताया। उनका कहना था कि भारत तेजी से गगनयान मिशन, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन और भविष्य में चंद्र मिशन जैसे बड़े लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है और देश के हर बच्चे को इन उपलब्धियों की जानकारी होनी चाहिए।
केंद्रीय बजट 2026 पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभांशु शुक्ला ने कहा कि स्पेस सेक्टर में सरकार और ISRO की ओर से मजबूत समर्थन दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि नेतृत्व की स्पष्ट मंशा है कि भारत के अंतरिक्ष मिशन सफल हों और देश इस क्षेत्र में अग्रणी बने। शुभांशु ने कहा कि जब नेतृत्व स्तर से ऐसा समर्थन मिलता है, तो वैज्ञानिकों और संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे मिशनों को सफल बनाकर भारत को अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति पर बात करते हुए शुभांशु शुक्ला ने कहा कि स्पेस टेक्नोलॉजी में भारत को दुनिया सम्मान की नजर से देखती है और देश से बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि भारत की मजबूत तकनीकी क्षमता और दीर्घकालिक स्पेस पॉलिसी इसे एक उभरती अंतरिक्ष शक्ति के रूप में स्थापित कर रही है। शुभांशु ने मानव रहित मिशनों और भविष्य के मानव अंतरिक्ष मिशनों की चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन रक्षक प्रणालियों जैसे ऑक्सीजन, कार्बन डाइऑक्साइड नियंत्रण, तापमान और आर्द्रता प्रबंधन की पूरी तैयारी और परीक्षण के बाद ही किसी व्यक्ति को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |