वड़ा पाव गर्ल चंद्रिका का रोते हुए वीडियो वायरल, पति पर चीटिंग के आरोप से मचा हंगामा
वड़ा पाव गर्ल’ के नाम से मशहूर और बिग बॉस ओटीटी 3 में नजर आ चुकीं इंफ्लुएंसर चंद्रिका दीक्षित एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी पर्सनल लाइफ है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में चंद्रिका रोते हुए अपने पति पर धोखा देने का आरोप लगाती दिख रही हैं, जिसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया है।
चंद्रिका ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसमें वह कहती हैं कि वह घर, बच्चा और काम सब संभाल रही हैं, जबकि पति कथित तौर पर उन्हें धोखा दे रहे हैं। वीडियो में वह पति के फोन की कुछ चैट्स और एक तस्वीर भी दिखाती हैं, जिसमें उनके पति एक अन्य लड़की के साथ नजर आ रहे हैं, हालांकि लड़की का चेहरा छिपाया गया है। वीडियो भावुक होने के बावजूद सोशल मीडिया यूजर्स को खास प्रभावित नहीं कर पाया।
वीडियो सामने आते ही चंद्रिका को ट्रोल किया जाने लगा। कई यूजर्स ने इसे ड्रामा और नया कंटेंट करार दिया। किसी ने लिखा, ‘ड्रामा बंद करो’, तो किसी ने कहा, ‘अब नया तरीका है वायरल होने का।’ गौरतलब है कि इससे पहले भी चंद्रिका अपने झगड़ों और विवादों को लेकर चर्चा में रही हैं, जिनसे उन्हें सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रियता मिली। फिलहाल, उनका यह वीडियो सच है या रणनीति—इस पर बहस जारी है।