Patrakar Priyanshi Chaturvedi
आगामी सिंहस्थ मेले को ध्यान में रखते हुए रेल बजट में मध्य प्रदेश, खासकर मालवा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी गई है। ढाई साल बाद उज्जैन में लगने वाले सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। साथ ही उज्जैन के आसपास 50 किलोमीटर के दायरे में आने वाले रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश को पांच जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिलने की घोषणा की गई है, जिनमें से दो ट्रेनें इंदौर को मिल सकती हैं।
रेल बजट में मध्य प्रदेश में रेलवे विस्तार पर खास ध्यान दिया गया है। इंदौर-बुधनी, इंदौर-दाहोद और इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन परियोजनाओं के लिए भी बजट में राशि का प्रावधान किया गया है। राज्य में इस समय करीब 1.18 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अमृत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 80 रेलवे स्टेशनों का तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है, जबकि 1283 फ्लाईओवर और रोड अंडर ब्रिज का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है।
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि मध्य प्रदेश में पांच जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस और चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, जिससे यात्री सुविधाओं के साथ आर्थिक विकास को गति मिलेगी। वहीं रेलवे ने पश्चिम बंगाल के डंकुनी से गुजरात के सूरत तक नए समर्पित मालवाहक कॉरिडोर का प्रस्ताव भी रखा है, जो मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से होकर गुजरेगा। इससे पश्चिमी तट के बंदरगाहों तक माल की निर्बाध आवाजाही संभव होगी और रतलाम मंडल सहित पूरे क्षेत्र को विकास का लाभ मिलेगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |