Patrakar Priyanshi Chaturvedi
लखनऊ में केंद्रीय बजट पर प्रेस वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तैयार की गई नीतियां केवल कागजों तक सीमित नहीं रही, बल्कि धरातल पर सफलतापूर्वक लागू हुई हैं। सीएम ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद देते हुए बताया कि पिछले 11 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे और भारत दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा। उन्होंने बजट को विजनरी और समावेशी बताया, जिसमें किसान, युवा, महिला और गरीब सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा गया है।
सीएम ने एमएसएमई और उद्योगों के लिए बजट लाभों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यूपी में 96 लाख से अधिक एमएसएमई यूनिट हैं और 10 हजार करोड़ रुपए का बजट ओडीओपी परियोजना के लिए अत्यंत लाभकारी होगा। इसके तहत उद्योगों को डिजाइन, पैकेजिंग और ब्रांडिंग में मदद मिलेगी। साथ ही एक्सपोर्ट और मार्केटिंग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने महिला कार्यबल के विस्तार, छात्रावास निर्माण, पर्यटन और सेमी कंडक्टर पार्क जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
योगी ने स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में भी बजट के लाभ बताए। जिला अस्पतालों की क्षमता दोगुनी होगी, ट्रॉमा सेंटर खुलेंगे और गोल्डन ऑवर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्पोर्ट्स अकादमी, कॉलेज और स्पोर्ट्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिटें विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस बजट से यूपी में लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा और फरवरी में प्रदेश का बजट पेश करते समय इन पहलों का लाभ सीधे प्रदेशवासियों तक पहुंचेगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |