Patrakar Priyanshi Chaturvedi
संगीत की दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान ग्रैमी अवॉर्ड्स का 68वां संस्करण 1 फरवरी को लॉस एंजिल्स में आयोजित होगा, जिस पर भारत की खास नजरें टिकी हैं। इस बार अनुष्का शंकर, सिद्धांत भाटिया, शक्ति और पियानो वादक चारू सूरी जैसे भारतीय कलाकार नॉमिनेट हुए हैं। इससे पहले अगर ग्रैमी इतिहास पर नजर डालें, तो सबसे पहले यह अवॉर्ड 1968 में पंडित रवि शंकर को मिला था। उन्हें 1973, 2002 और 2013 में भी ग्रैमी से नवाजा गया, जबकि 2013 में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी मिला।
भारतीय कलाकारों में तबला वादक जाकिर हुसैन का नाम भी खास तौर पर लिया जाता है, जिन्हें अलग-अलग श्रेणियों में चार बार ग्रैमी मिल चुका है। साल 1994 में विश्व मोहन भट्ट को बेस्ट वर्ल्ड म्यूजिक अल्बम का ग्रैमी मिला था। इसके अलावा एआर रहमान, गुलजार और तन्वी शाह को 2010 में ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ के लिए ग्रैमी मिला। पर्यावरण संगीत के लिए पहचाने जाने वाले रिकी केज अब तक तीन बार ग्रैमी जीत चुके हैं।
इनके अलावा पीए दीपक, एच श्रीधर, फैलू, वी सेलवागणेश, गणेश राजगोपालन, शंकर महादेवन और चंद्रिका टंडन जैसे कई भारतीय कलाकार भी ग्रैमी सम्मान पा चुके हैं। 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन अमेरिका में 1 फरवरी की रात होगा, जबकि भारत में यह समारोह 2 फरवरी सुबह 6:30 बजे से जियो हॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकेगा। इस बार ग्रैमी अवॉर्ड्स को कॉमेडियन ट्रेवर नोआ होस्ट करेंगे।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |