48 घंटे बाद बारिश के साथ लौटेगी ठंड मौसम ने अचानक करवट बदली
After 48 hours, cold will return with rain, the weather has suddenly changed.

मौसम ने अचानक करवट ले ली है। वसंत की नरमाहट अब महसूस होने लगी है और ठंड अपने तेवर धीरे-धीरे कम कर रही है। राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार के 11.2 डिग्री सेल्सियस से 6.2 डिग्री अधिक है। दिन का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस हुई। शुक्रवार सुबह से ही राजधानी में पतझड़ी मौसम का एहसास रहा। हवाओं की दिशा उत्तर से बदलकर दक्षिण-पश्चिम हो गई है, जिससे रात के तापमान में उछाल देखा गया।

 

मौसम विभाग के अनुसार यह मिजाज स्थायी नहीं रहेगा। 26 जनवरी से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से 27 और 28 जनवरी को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। शनिवार से हवा का पैटर्न फिर बदल सकता है, जिससे रात के तापमान में गिरावट और ठंड की वापसी हो सकती है। आरएस परिहार के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली से ग्वालियर होते हुए बुंदेलखंड की तरफ बढ़ रहा है, जिससे छतरपुर और श्योपुर जिलों में भी बारिश और मावठ की संभावना है।

 

कृषि के लिहाज से यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है। गेहूं, सरसों, चना और जौ जैसी रबी की फसलें प्राकृतिक सिंचाई का लाभ पाएंगी, जिससे पैदावार बढ़ेगी और सिंचाई का खर्च बचेगा। हालांकि, ओलावृष्टि की संभावना से कुछ किसानों में चिंता भी है, क्योंकि इससे फसलों को नुकसान हो सकता है। फिलहाल, मौसम के इस मिजाज ने किसानों के चेहरे पर खुशी और सावधानी दोनों का मिश्रण ला दिया है।

Priyanshi Chaturvedi 24 January 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.