बसंत पंचमी पर महाकालेश्वर में दिव्य आयोजन, 40 दिवसीय फाग उत्सव का शुभारंभ
Ujjain , Mahakaleshwar ,Basant Panchami, 40-day , Phag festival begins

बसंत पंचमी के पावन अवसर पर उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल का भव्य पंचामृत अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया गया। तड़के सुबह 4 बजे भस्म आरती के दौरान दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से भगवान महाकाल का अभिषेक हुआ। इसके बाद उन्हें पीले वस्त्र धारण कराए गए और सरसों के पीले फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके दिव्य दर्शन भक्तों ने किए।

 

महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि बसंत पंचमी पर बाबा महाकाल को पीले पुष्पों से सजाने की परंपरा है। इस दिन बाबा को केसर युक्त दूध और पीले पेड़ों का भोग अर्पित किया जाता है। मान्यता है कि आज बाबा महाकाल के दर्शन करने से मां सरस्वती का भी विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे ज्ञान और विद्या में वृद्धि होती है।

 

बसंत पंचमी से महाकालेश्वर मंदिर में 40 दिवसीय फाग उत्सव की शुरुआत होती है। आज शाम भगवान महाकाल को गुलाल अर्पित किया जाएगा, जिसके साथ होली पर्व का विधिवत आरंभ होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे। महाकालेश्वर मंदिर के साथ-साथ अन्य वैष्णव मंदिरों में भी अगले 40 दिनों तक भजन-कीर्तन, होली उत्सव और विशेष भोग अर्पण का आयोजन किया जाएगा।

Priyanshi Chaturvedi 23 January 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.