Patrakar Priyanshi Chaturvedi
पटना/रोहतास/बेगूसरय । बिहार में रोहतास-मगध और बेगूसराय के 20 जिला नेताओं-कार्यकर्ताओं से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को संवाद किया। संवाद के दौरान उन्होंने राहुल गांधी के साथ-साथ लालू यादव और उनके परिवार पर जमकर हमला बोला। रोहतास जिले के डेहरी ऑनसोन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान अमित शाह ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा सहित राजग गठबंधन दो-तिहाई पूर्ण बहुमत के साथ प्रचंड जीत हासिल करेगा।
अमित शाह ने कहा कि 10 जिलों के सभी कार्यकर्ता संकल्प लें कि वो मोदी के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनाएंगे। नीतीश की सरकार ने जो कुछ बिहार के लिए किया है। उसे घर-घर तक पहुंचाएंगे। इसके बाद अमित शाह ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि आपकी आवाज राहुल गांधी तक जाना चाहिए। घुसपैठिये को वोट का अधिकार है क्या, घुसपैठियों को राशन मिलना चाहिए, उनको आय़ुष्मान कार्ड मिलना चाहिए, उनको वोट देने का अधिकार है क्या?
अमित शाह के इन सवालों पर वहां मौजूद लोगों ने नहीं में जवाब दिया। शाह ने कहा कि ये आएंगे तो घुसपैठिये बढ़ाएंगे, राजग आएगा तो बिहार को बढ़ाएगा। दो तिहाई बहुमत से विजय करने का संकल्प लीजिए। अमित शाह ने कहा कि राजग को इस बार शाहाबाद की 80 प्रतिशत सीटों पर जीत दर्ज करना है। उन्होंने बिहार का भविष्य नरेन्द्र मोदी से जोड़ने की अपील की। शाह ने कहा कि अन्य दलों में नेता चुनाव जीतते हैं। हमारी पार्टी में कार्यकर्ता चुनाव जीतते हैं और कार्यकर्ता ही नीचे से ऊपर तक पहुंचते हैं। भाजपा में एक बूथ का अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बन सकता है। हम यहां पर जितनी मजबूती से संकल्प करेंगे, भाजपा उतनी ही मजबूत होगी, राजग मजबूत होगा और राजग जितना मजबूत होगा बिहार भी उतना ही खुशहाल बनेगा।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बिहार का विकास और समृद्धि राजग का लक्ष्य है। यह चुनाव सरकार बनाने का नहीं है। यह चुनाव दो तिहाई से ज्यादा बहुमत के साथ सरकार बनाने का है। 10 जिलों के सभी कार्यकर्ता आज से संकल्पित होकर जाएं कि हम मोदी जी के नेतृत्व में बिहार में मजबूत राजग सरकार बनाएंगे। नीतीश कुमार और मोदी जी की सरकार ने जो कुछ बिहार की जनता के लिए किया है उसे उसे घर-घर तक लेकर जाएंगे और लोगों को बताएंगे।
अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी विश्व भर में एक मात्र ऐसे नेता हैं जिन्होंने लगातार 24 साल तक राज्य और देश के मुखिया के रूप में काम किया। मैं इस बात का गवाह हूं कि 24 सालों में एक भी छुट्टी उन्होंने नहीं ली। लगातार दिन रात काम किया है। यह बहुत बड़ी बात है। कुछ नेता छह माह में विदेश नहीं जाएं तो उन्हें रात में नींद नहीं आती है। आप समझ रहे हैं ना कि मैं किसके बारे में बात कर रहा हूं।
अमित शाह ने कहा कि 11 साल में क्या आप ऐसा सोच सकते थे कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा, लेकिन मोदी ने राम मंदिर का शिलान्यास किया और प्राण प्रतिष्ठा करके जय श्रीराम कर दिया। धारा 370 को हटाया, ट्रिपल तलाक को हटाया, सीएए कानून लाए। चांद के दक्षिण ध्रुव पर यान भेजकर उसका नाम शिव शक्ति प्वॉइंट रखा। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों की धज्जियां उड़ाने का काम किया। ''भारत की अर्थव्यवस्था 11वें नंबर से चौथे नंबर पर पहुंची। यहां पर सीतामढ़ी में सीता माता का मंदिर 800 करोड़ के खर्चे से बन रहा है। सभी के लिए जीएसटी के दाम घटाकर माता बहनों की रसोई पर 20 फीसदी बोझ कम करने का काम किया गया है। गरीबों के लिए सबसे ज्यादा फायदा हुआ है तो बिहार को। देशभर में 81 करोड़ गरीबों को राशन मिल रहा है।
रोहतास के बाद अमित शाह बेगूसराय पहुंचे। रिफाइनरी टाउनशिप खेल मैदान में जनसभा में हिस्सा लिया। यहां पर भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों को सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बताएं। साथ ही चल रही योजनाओं के बारे में भी उन्हें समझाएं।''धारा 370 हटाकर पीएम मोदी ने कश्मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ जोड़ दिया। ये कांग्रेस वालों ने पाकिस्तान की आदत बिगाड़ी थी। आए दिन ये हमला करते थे, एक बार सर्जिकल स्ट्राइक, एक बार एयर स्ट्राइक और नहीं सुधरे तो हमने ऑपरेशन सिंदूर करके उनके चिथड़े उड़ा दिए। उन्होंने कहा कि इस बार राजग इतनी बड़ी जीत दर्ज करेगा कि विपक्ष पूरी तरह हाशिए पर चला जाएगा। इस बार हमारा बहुमत ऐसा होगा कि अगली बार तेजस्वी यादव चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |