
Dakhal News

नई दिल्ली । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक जय किशन (66) का बुधवार रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने जय किशन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके आकस्मिक निधन से दिल्ली कांग्रेस परिवार को बड़ी क्षति पहुंची है, जिसको भरा नहीं जा सकता।
जय किशन ने उत्तर पश्चिमी दिल्ली की सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट से 1993, 2003, 2008 और 2013 में चार बार जीत हासिल की। 1998 के चुनावों में उन्होंने अपनी पत्नी सुशीला देवी को मैदान में उतारा और वह भी सीट से जीतीं। जय किशन अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने से पहले सफाई कर्मचारी थे। वह 1980 में कांग्रेस में शामिल हुए। उन्होंने लंबे समय तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई।
देवेंद्र यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की ओर से जय किशन के पार्थिव शरीर पर फूलों की रीथ चढ़ाकर उन्हें पुष्पाजंलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी पत्नी सुशीला जय किशन से फोन पर बात करके उन्हें सांत्वना दी और दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने शोक संदेश मे कहा, "पूर्व एआईसीसी सचिव और विधायक रहे जय किशन का निधन कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने एक समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता के नाते जनता की सेवा की और समाज के वंचितों के सशक्तीकरण के लिए अपना योगदान दिया। दिवगंत आत्मा के शोकाकुल परिवार, परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि।"
गुरुवार दोपहर वाई ब्लाक सुल्तानपुरी शमशान घाट पर जय किशन के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे राहुल ढ़ाका ने देकर अंतिम संस्कार किया। इस गमगीन मौके पर जयकिशन के परिवार के सदस्यों के साथ प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, दिल्ली के कई विधायक, कांग्रेस नेता और सुल्तान पुरी विधानसभा से उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे, जहां सभी ने दिवंगत नेता को अंतिम विदाई दी।
देवेंद्र यादव ने कहा कि जय किशन कांग्रेस पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे, जिन्होंने जीवन भर लोगों की सेवा की। दलित और वंचित वर्ग के लोगों के विकास और सामाजिक उत्थान और सशक्तीकरण के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |