Patrakar Priyanshi Chaturvedi
नई दिल्ली । देशभर में आज ईद का त्योहार परंपरागत तरीके से धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। लोग एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं। ईद-उल-फितर के मौके पर सुबह प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन और शांति के लिए दुआ मांगी गई।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली की जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद, भोपाल की ईदगाह मस्जिद, पटना के गांधी मैदान, हैदराबाद, लखनऊ, बेंगलुरु, मुंबई और अन्य शहरों और कस्बों में लोगों ने सुबह ईद की नमाज अदा की।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और नोएडा में लगभग सभी मस्जिदों के बाहर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। हरियाणा गुरुग्राम जिले में भी ईद का त्योहार परंपरागत तरीके से मनाया जा रहा है। दिल्ली की जामा मस्जिद में सुबह 6:45 बजे और फतेहपुरी मस्जिद में 7:30 बजे नमाज अदा की गई।
इस दौरान बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि मामले में पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने अयोध्या में कहा कि आज का दिन ईद का है। और इसे ईद मिलन कहा जाता है। ईद के त्योहार की हिंदू और मुसलमान दोनों ही एक साथ खुशियां मानते हैं। आज का दिन सभी के लिए शुभ है। हिंदुओं के लिए भी क्योंकि नवरात्रि भी चल रही है। कहीं कोई भेदभाव नहीं है।
दिल्ली की फतेहपुरी मस्जिद के इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने कल देरशाम अलग-अलग जगहों पर ईद का चांद दिखने का एलान किया था। उन्होंने घोषणा की थी कि रमजान महीने की समाप्ति के साथ सोमवार को देशभर में ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |