कमलनाथ ने की महंगाई मुक्त भारत अभियान की शुरुआत
bhopal,Kamal Nath ,launches inflation ,free India campaign

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने गुरुवार को मध्य प्रदेश में महंगाई मुक्त भारत अभियान की भोपाल से शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार को महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर हमला बोला।

कमलनाथ ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज महंगाई से देश का हर वर्ग परेशान है। आज सभी चीज का भाव बढ़ चुका है। सिर्फ शराब का भाव घटा है। आज दूध महंगा हो रहा है और शराब सस्ती हो रही है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती क़ीमतें सिर्फ़ वाहनों को ही प्रभावित नहीं करती बल्कि खाद्य पदार्थ, दूध, सब्जी दवाई व रोजमर्रा की चीजों को भी यह प्रभावित करती है, क्योंकि इससे ट्रांसपोर्टेशन बढ़ता है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो मोदी जी 2013-14 में बढ़ती महंगाई पर बड़ी-बड़ी बात करते थे, जो शिवराज जी साइकिल चलाते थे, वो सभी आज इस मुद्दे पर चुप है। शिवराज जी आज केवल घोषणाओं और आश्वासन की फैक्ट्री व कारखाना खोले हुए हैं। आज हम तुलना करें खाद-बीज के भाव की। आज से 4 साल पहले भाव क्या थे और आज क्या भाव है। आज बढ़ती महंगाई से किसान, नौजवान, छोटा व्यापारी त्रस्त है, पूरे मध्यप्रदेश में आर्थिक गतिविधि चौपाट है, इसीलिए हमने आज बढ़ती महंगाई को लेकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। ताकि किसी भी तरह इनकी आंख और कान खुले क्योंकि इनका मुंह तो खुला हुआ है, आंख और कान तो बंद है।

 

माफियाओं के खिलाफ अभियान पर साधा निशाना

 

कमलनाथ ने सीएम शिवराज द्वारा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि माफिय़ाओं के खिलाफ अभियान तो मैंने शुरू किया था क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि प्रदेश की पहचान माफिया से हो। शिवराज जी का यह अभियान माफिय़ाओं के खिलाफ़ नहीं है। हमने शुद्ध को लेकर युद्ध का अभियान शुरू किया था, आज इन्होंने उसे भी बंद कर दिया है। आज हर चीज में मिलावट सामने है।

 

कांग्रेस में अब कोई असंतुष्ट नहीं

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद जी-23 नेताओं द्वारा लगातार नेतृत्व पर सवाल उठाए जाने के बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने दावा किया कि पार्टी में अब कोई भी असंतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी से मेरा सम्पर्क है, वर्षों हमने साथ में काम किया हुआ है। उनकी सभी माँग मान ली गयी है, चुनाव की प्रक्रिया भी चल रही है। सारी चीजें जल्द सामने आयेगी। उन्होंने कहा कि 1 मई 2018 को जब मुझे मध्यप्रदेश की जवाबदारी दी गयी तो मैंने उस निर्णय को स्वीकार किया। अब भी जब मुझे जो पद छोडऩे का कहा जायेगा, वो मै तत्काल छोड़ दूँगा। मुझे कभी किसी पद व कुर्सी का कोई मोह नहीं।

Dakhal News 31 March 2022

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.