
Dakhal News

लंदन के होटल में भरना पड़ा था जुर्माना
मेरा नाम जोकर, आवारा, श्री 420 जैसी फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले राज कपूर साहब ने हिन्दी सिनेमा में एक नया अध्याय लिखा है। राज कपूर ने अभिनय के साथ-साथ डायरेक्शन, प्रोडक्शन और राइटिंग में हाथ आजमाया और वो इसमें कामयाब भी रहे। तीन नेशनल अवॉर्ड...11 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स...पद्म भूषण...दादा साहब फाल्के अवॉर्ड...ऐसे ही राज कपूर को हिंदी सिनेमा का शोमैन नहीं कहा जाता है। हिंदी सिनेमा के लिए राज कपूर क्या थे, क्या हैं और क्या रहेंगे...इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। राज कपूर ऐसे शख्स थे जिनकी शोहरत के चर्चे सिर्फ भारत ही नहीं विदेशों में भी थे। दिलचस्प बात यह रही कि इतनी बड़ी शख्सियत होने के बावजूद वह ताउम्र सिर्फ जमीन पर सोए। तो चलिए जानते हैं कि आखिर इसके पीछे की क्या वजह रही।
कभी पिता के स्टूडियो में झाड़ू लगाने वाले राज कपूर की सादगी के किस्से इंडस्ट्री में बहुत पॉपुलर हैं। उनके बारे में कहा जाता था कि वह चाहे घर में हों या बाहर, कभी बेड पर नहीं सोते थे। उनका गद्दा हमेशा जमीन पर बिछता था। उन्हें वहीं नींद आती थी। इस बारे में राज कपूर की बेटी ऋतु नंदा ने भी एक इंटरव्यू के दौरान बताया था। उन्होंने कहा था कि राज कपूर साहब जिस भी होटल में ठहरते थे। अपने कमरे में पलंग का गद्दा खींचकर जमीन पर बिछा लेते थे। इस कारण कई बार उन्हें मुसीबत भी उठानी पड़ी थी।
दरअसल एक बार राज कपूर लंदन के एक होटल के कमरे में रुके थे। उन्होंने वहां जमीन में अपना बिस्तर लगा लिया, जिसके बाद होटल वालों ने उनको चेतावनी दी। अगले दिन फिर राज कपूर ने यही किया। उन्होंने दोबारा उसी तरह गद्दा नीचे उतराकर बिछा दिया, तो होटल मैनेजमेंट ने उन पर जुर्माना लगा दिया, जिसके बाद राज कपूर ने खुशी-खुशी जुर्माना भरा था।
राज कपूर की गिनती उन महान कलाकारों में होती है, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को विदेशों तक पहुंचाया। राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर भले ही फिल्मों के सबसे बड़े हीरो थे, लेकिन राज कपूर को अपनी अलग पहचान बनाने में काफी मेहनत करनी पड़ी थी। राज कपूर ने पहली नौकरी अपने पिता के स्टूडियो में की। राज कपूर को 1 रुपए महीने सैलेरी मिला करती थी, तब वह अपने पिता के कपूर स्टूडियो में झाड़ू लगाने का काम करते थे।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |