Patrakar Priyanshi Chaturvedi
अमेरिका में फ्लोरिडा के स्कूल में 14 फरवरी 2018 को हुई फायरिंग में 17 बच्चों की मौत के बाद गन कंट्रोल की मांग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन शनिवार को ऐतिहासिक मार्च में बदल गया। गन कल्चर के खिलाफ वॉशिंगटन में अब तक का दुनिया का सबसे बड़ा मार्च निकाला गया, जिसमें पांच लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। आपको बता दें कि इससे ज्यादा लोग सिर्फ अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की शपथ में ही जुटे थे।
अमेरिका में कड़ा बंदूक नियंत्रण कानून की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे। शनिवार को होने वाली रैली में भाग लेने के लिए देश भर से लाखों लोग पहुंचे। रैली का नेतृत्व पिछले महीने फ्लोरिडा स्कूल नरसंहार में जीवित बचे छात्रों ने किया। इस नरसंहार के बाद से लोगों का गुस्सा चरम पर है।
वॉशिंगटन के अलावा पूरे अमेरिका में 700 से ज्यादा जगहों पर प्रदर्शन हुए। ब्रिटेन में लंदन, जापान के टोक्यो, ऑस्ट्रेलिया के सिडनी, भारत में मुंबई समेत दुनिया के 100 शहरों में गन कंट्रोल की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने कैपिटोल के समीप प्रदर्शन किया और अमेरिकी कांग्रेस से बंदूक से हो रही हिंसा से लड़ने का आह्वान किया। प्रदर्शनकारियों का लक्ष्य उस कानूनी रुकावट को तोड़ना है जो देश में लंबे समय से बंदूकों की बिक्री पर प्रतिबंध के प्रयासों की राह में रोड़ा बना हुआ है। देश में स्कूलों और कॉलेजों में आए दिन समूह पर गोलीबारी होना आम बात हो गई है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |