Patrakar Priyanshi Chaturvedi
उत्तर कोरिया ने शुक्रवार देर रात फिर मिसाइल दागी जो जापान के समुद्री क्षेत्र में गिरी। माना जा रहा है कि यह अंतर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) थी। जापान के पीएम शिंजो आबे ने इसे देश की सुरक्षा को खतरा मानते हुए आपात बैठक बुलाई।
संयुक्त राष्ट्र की पाबंदी के बाद भी उ. कोरिया ने एक माह में दूसरा परीक्षण कर दुनिया को चुनौती दी है। एक दिन पहले ही अमेरिकी कांग्रेस ने रूस, ईरान व उ. कोरिया पर ताजा प्रतिबंध लगाए हैं। मिसाइल उत्तरी कोरिया के जेनगांग प्रांत से स्थानीय समयानुसार रात 11.41 बजे दागी गई।
अमेरिकी रक्षा विभाग ने इसकी पुष्टि की है। पेंटागन के प्रवक्ता कैप्टन जैफ डेविस ने कहा कि यह मिसाइल करीब 1 हजार किमी की दूरी तय कर जापान के समुद्र में गिरी। यह इस साल का 12 वां व आईसीबीएम मिसाइल का दूसरा परीक्षण है। जापान के पीएम आबे ने कहा, आईसीबीएम स्तर की मिसाइल दागने से साफ है कि हमारे देश को खतरा वास्तविक व गंभीर है।
आबे सरकार के मुख्य मंत्रिमंडलीय सचिव योशिहाइड सुगा ने कहा कि मिसाइल करीब 45 मिनट उड़ी। जापान की प्रसारण एजेंसी एनएचके के अनुसार मिसाइल 3000 किमी से ज्यादा की ऊंचाई तक पहुंचने के बाद निशाने पर पहुंची।
यह इस माह के आरंभ में दागी गई मिसाइल से ज्यादा शक्तिशाली थी, जिसे अमेरिका व दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने अमेरिका तक मार करने में सक्षम बताया था। 4 जुलाई को उत्तर कोरिया द्वारा दागी गई मिसाइल 933 किमी दूर तक गई और 2802 किमी की ऊंचाई तक गई थी। वह बड़े व भारी परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम थी।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |