Patrakar Priyanshi Chaturvedi
उज्जैन में भक्तों को 40 मिनट में होंगे नागचंद्रेश्वर के दर्शन
उज्जैन में नागपंचमी पर भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 12 बजे खुलेंगे। महाकाल मंदिर के शिखर पर बना यह मंदिर साल में सिर्फ एक बार जी खुलता है। सबसे पहले महानिर्वाणी अखाड़े के महंत प्रकाशपुरी भगवान नागचंद्रेश्वर की पूजा करेंगे। पश्चात आम दर्शन का सिलसिला शुरू होगा, जो सतत् 24 घंटे रविवार रात 12 बजे तक चलेगा।श्रद्धालु रविवार रात 10.30 बजे तक दर्शन के लिए मंदिर परिसर में प्रवेश पा सकेंगे।
सामान्य दर्शनार्थी महाकाल मंदिर स्थित पुलिस चौकी के सामने स्थित बेरिकेड्स से दर्शन की कतार में लगेंगे। इसके बाद माधवसेवा न्यास की पार्किंग, फेसिलिटी सेंटर, टनल, मार्बल गलियारा होते हुए नृसिंह मंदिर के बरामदे से होकर परिसर में लगी लोहे की सीढ़ियों से नागचंद्रेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। 250 रुपए के शीघ्र दर्शन पास वाले श्रद्घालु, दिव्यांग शंख तिराहे के सामने फेसिलिटी सेंटर से होते हुए टनल, मार्बल गलियारा से नृसिंह मंदिर के पास से दर्शन की कतार में लगेंगे। दर्शन पश्चात सभी यात्री सीढ़ियों से उतर कर नए निर्गम द्वार से मंदिर के बाहर निकलेंगे।
नागपंचमी पर केवल महाकाल दर्शन करने की इच्छा रखने वाले श्रद्घालु भस्मारती द्वार से विश्रामधाम, सभामंडप के रास्ते बेरिकेड्स से भगवान के दर्शन करेंगे। निर्गम आपात कालीन द्वार से होगा। इस दिन महाकाल दर्शन के लिए 250 रुपए की विशेष दर्शन व्यवस्था बंद रहेगी।
पूर्व निर्धारित व्यवस्था में मंदिर प्रशासन की मंशा भक्तों को नागचंद्रेश्वर दर्शन के बाद परिसर स्थित कार्तिकेय मंडपम् से भगवान महाकाल के दर्शन कराने की थी। लेकिन प्रभारी कलेक्टर ने क्राउंड मैनेजमेंट के लिए इसमें बदलाव कर भक्तों को सीधे बाहर करने की व्यवस्था तय की। इसी प्रकार विशेष दर्शन पास धारी भक्तों को पहले टनल के नैवेध कक्ष के सामने वाले गेट से प्रवेश देने की व्यवस्था की गई थी। इसे भी अधिकारियों ने रद्द कर दिया।
नागपंचमी पर रविवार को भक्तों को 40 मिनट में भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन होंगे। बुधवार शाम प्रभारी कलेक्टर अविनाश लवानिया, एसपी एमएस वर्मा ने मंदिर प्रशासन के अफसरों के साथ मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्था को अंतिम रूप दिया। अधिकारियों ने 18 जुलाई को बैठक में तय की गई दर्शन व्यवस्था में आंशिक बदलाव किया है। इस दौरान एसडीएम अवधेश शर्मा, उप प्रशासक रजनीश कसेरा, सहायक प्रशासक प्रीति चौहान, एएसपी अमरेंद्रसिंह मौजूद थे।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |