Dakhal News
सलमान खान की आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की शूटिंग बेहद मुश्किल परिस्थितियों में की गई है। फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया ने शूटिंग से जुड़े अनुभव साझा करते हुए बताया कि फ्रंटलाइन पर तैनात सैनिकों के संघर्ष और कठिनाइयों को वास्तविक रूप में दिखाने के लिए स्टूडियो सेट की जगह असली पहाड़ी लोकेशन चुनी गई। फिल्म की शूटिंग करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर की गई, जहां तापमान माइनस 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। एक शूटिंग शेड्यूल के दौरान तापमान माइनस 7 डिग्री था और बारिश भी हो रही थी। इसके बावजूद पूरी टीम ने नदी के किनारे और ऊंची पहाड़ियों पर शूटिंग जारी रखी।
निर्देशक अपूर्व लाखिया के मुताबिक, शूटिंग का सबसे मुश्किल दिन वह था, जब सलमान खान लोकेशन पर पहुंचे। पहाड़ी मौसम के अनुकूल होने के लिए आराम करने के बजाय सलमान सीधे सेट पर आ गए। उस दिन उन्हें सैनिकों के किरदार में ऊंची ढलान पर दौड़ने का सीन शूट करना था। लाखिया ने बताया कि कड़ाके की ठंड और बारिश के बीच सलमान ने बिना किसी अतिरिक्त ऑक्सीजन सपोर्ट के इस सीन के तीन टेक दिए। उन्होंने शूटिंग के दौरान कोई शिकायत भी नहीं की। फिल्म को वास्तविक रूप देने के लिए पूरी यूनिट को ऊंचाई वाली घाटियों और बर्फीली नदियों के किनारे ले जाया गया। मेकर्स का उद्देश्य सीमा पर तैनात जवानों की परिस्थितियों और उनके जज्बे को पर्दे पर उतारना था।
'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है और इसका निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले हो रहा है। इस वॉर-ड्रामा फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हाल ही में फिल्म के टीजर और पोस्टर के बाद ट्रेलर की पहली झलक मुंबई के मीडिया को दिखाई गई थी। इस दौरान सलमान खान ने फिल्म को लेकर अपनी बात रखी थी और स्पष्ट किया था कि यह बायोपिक नहीं, बल्कि एक्शन से भरपूर कहानी है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |