Dakhal News
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर खंडवा में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और प्रदेश के युवाओं के लिए 2 लाख नए रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, विभिन्न विभागों में अब तक 85 हजार सरकारी पदों पर भर्ती की जा चुकी है। अगले साल एमपी पीएससी की परीक्षाएं दो बार आयोजित करने की तैयारी है। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय उद्यमी बनने और दूसरों को रोजगार देने वाला बनने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, गौरव, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कौशल विकास के जरिए जनजातीय समुदाय को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के दमनकारी कानूनों और प्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाई। जनजातीय वीर नायकों का देश की आजादी और राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसलिए उनके सम्मान में गौरव दिवस, स्मारक, विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर में करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं और खंडवा में दादाजी धूनीवाले के समाधि स्थल को भी भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। वहीं, प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 33 तक पहुंच गई है, जिसे अगले दो वर्षों में बढ़ाकर 52 करने का लक्ष्य है। जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों को प्रशासनिक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए 20 करोड़ रुपये का विशेष प्रशिक्षण पैकेज मंजूर किया गया है। इसके तहत अगले साल से 100 युवकों और 100 युवतियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा नगर निगम के नवनिर्मित पांच मंजिला भवन का लोकार्पण भी किया। करीब 16.97 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन का निर्माण 30 हजार वर्गफीट भूमि पर किया गया है और इसका कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 65 हजार वर्गफीट है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा जल के उपयोग से निमाड़ क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है और खंडवा की मिर्च देश-दुनिया में पहचान बना रही है। किसानों के कल्याण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता 32 हजार मेगावॉट तक पहुंच चुकी है और सिंचाई, सड़क, बिजली तथा शिक्षा के क्षेत्रों में विकास कार्य जारी हैं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |