अमित शाह की मौजूदगी में BJP की बड़ी बैठक
  Major BJP meeting in the presence of Amit Shah

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अहम बैठक की अध्यक्षता की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी के मीडिया और आईटी विंग के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। चर्चा का मुख्य केंद्र उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर के विधानसभा चुनाव रहे। BJP उत्तर प्रदेश, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में सत्ता बरकरार रखने, जबकि पंजाब में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर उठे विवाद और विपक्ष की राजनीतिक गतिविधियों पर भी चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के अन्य दलों ने SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। इसी मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने का आह्वान किया है। इससे पहले शनिवार को अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित रैली से पहले राजधानी की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की थी।

विपक्ष के विरोध के बीच BJP ने देशभर में 'सेव डेमोक्रेसी, रिमूव एनार्की' यानी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान शुरू किया है। पार्टी के अनुसार, अभियान का पहला चरण 5 नवंबर तक और दूसरा चरण 11 से 30 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत जिला मुख्यालयों पर पदयात्राएं आयोजित करने और प्रत्येक स्थान पर करीब 10 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, विधानसभा क्षेत्रों में संवाद कार्यक्रमों के जरिए मतदाता सूची की सटीकता, SIR प्रक्रिया और संवैधानिक व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने की योजना है।

 

Dakhal News 26 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.