आमिर से शाहरुख तक के फैन हैं ताइवान के राजदूत, ‘धुरंधर’ भी आई पसंद
  Taiwan’s representative is a fan of everyone from Aamir to Shah Rukh; he also enjoyed ‘Dhurandhar’

 

भारत में ताइवान के प्रतिनिधि मुमिन चेन ने रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की जमकर तारीफ की है। दिल्ली में आयोजित ताइवान फिल्म फेस्टिवल के दौरान चेन ने कहा कि पिछले साल उन्होंने जितनी भारतीय फिल्में देखीं, उनमें ‘धुरंधर’ सबसे प्रभावशाली रही। उन्होंने आमिर खान, शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन जैसे सितारों की भी सराहना की। चेन ने बताया कि राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर होने और राजनयिक की भूमिका निभाने के कारण उन्हें राजनीतिक विषयों पर बनी भारतीय फिल्में देखना पसंद है।

चेन ने आमिर खान की फिल्मों को भारतीय समाज और गंभीर मुद्दों को प्रभावी तरीके से सामने रखने वाला बताया। उन्होंने कहा कि आमिर को वह उनके शुरुआती दौर से देखते आ रहे हैं और अब निर्माता के तौर पर भी उनका काम प्रभावशाली है। चेन ने दीपिका पादुकोण और शाहरुख खान को अपने पसंदीदा भारतीय कलाकारों में शामिल किया और ‘बाहुबली’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ताइवान में भी भारतीय फिल्मों को पसंद किया जाता है, लेकिन वहां की फिल्मों और संस्कृति के बारे में भारत में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं है। ऐसे में फिल्म फेस्टिवल दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने का अवसर है।

दिल्ली में 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित ताइवान फिल्म फेस्टिवल के बाद 31 अक्टूबर को मुंबई में भी इसका आयोजन होगा। फेस्टिवल में खेल, तकनीक और संस्कृति से जुड़ी ताइवानी फिल्मों के साथ रामायण पर आधारित डांस फ्यूजन ड्रामा भी पेश किया जाएगा। वहीं, ताइवान में आमिर खान की ‘दंगल’, ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ और ‘3 इडियट्स’ जैसी फिल्मों को अच्छी लोकप्रियता मिली है। ‘दंगल’ ने ताइवान में करीब 16.7 करोड़ ताइवानी डॉलर की कमाई की थी। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय दर्शकों को ताइवान के सिनेमा से परिचित कराना और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है।

 

Dakhal News 25 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.