Dakhal News
भोपाल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। रेडक्रॉस अस्पताल के सामने शिवाजी नगर चौराहे पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
भाजपा का यह प्रदर्शन रेडक्रॉस अस्पताल के सामने से शुरू हुआ, जहां पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए सभी कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय और भाजपा के शहर अध्यक्ष रविंद्र यति समेत कई नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों को कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी।
प्रदर्शन के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी सहित भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बैरिकेड के एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में फूल और लाठियां लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बैरिकेड पर चढ़े हुए थे। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से मौके पर तनाव बढ़ गया और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |