भोपाल के हमीदिया अस्पताल में फर्जी डॉक्टर का खेल, मरीजों की जानकारी बेचकर ठगी का खुलासा
भोपाल के हमीदिया अस्पताल में फर्जी डॉक्टर बनकर मरीजों के परिजनों से ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी जितेन्द्र खागरे को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से बैतूल का निवासी है। जांच में पता चला है कि अस्पताल के कुछ अटेंडेंट और कर्मचारी मरीजों की निजी जानकारी—नाम, वार्ड नंबर, बीमारी, मोबाइल नंबर और इलाज कर रहे डॉक्टर का नाम—20 प्रतिशत कमीशन के बदले आरोपी को उपलब्ध करा रहे थे।
जितेन्द्र खागरे कई बार खुद अस्पताल में वार्डों तक पहुंचता और वरिष्ठ चिकित्सकों की नजर से बचते हुए डॉक्टर बनकर परिजनों का भरोसा जीतता। इलाज के नाम पर तत्काल पैसों की जरूरत बताकर वह ठगी करता। अब तक 10 मरीजों के परिजनों ने कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। जांच में स्त्री रोग विभाग, पीडियाट्रिक और इमरजेंसी मेडिसिन विभाग तक नेटवर्क फैला पाया गया है।
हमीदिया अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस जांच में जिन कर्मचारियों की संलिप्तता साबित होगी, उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाएगा। प्रबंधन मामले की पूरी रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। पीड़ितों ने बताया कि गंभीर मामलों में भी आरोपी डॉक्टर बनकर उनसे मिलकर भरोसा हासिल करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ डॉक्टर बनकर ठगी करने का मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है।