MP में सर्दी का आखिरी दौर, दो दिन और रहेगा असर, फिर बढ़ेगी गर्माहट
मध्य प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे प्रदेश के सबसे ठंडे रहेंगे। ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होगी और दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस होने लगेगी। फिलहाल कटनी का करौंदी और शहडोल का कल्याणपुर प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं, जहां न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री दर्ज किया गया है।
बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। भोपाल में 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, ग्वालियर में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर ज्यादा रहा, जहां पचमढ़ी, उमरिया और खजुराहो जैसे क्षेत्रों में पारा 9 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश या ओलावृष्टि की कोई संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप निकलेगी, लेकिन भोपाल, सीहोर, गुना, ग्वालियर, भिंड और मुरैना में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। देर रात और सुबह के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 12 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से मावठे की संभावना बन सकती है, लेकिन अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा।