AI से फर्जी हाजिरी का आरोप, सरकारी खजाने पर डाका : उमंग सिंघार
Allegations, fake attendance , AI, robbery on government treasury: Umang Singhar

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सिंगरौली जिले में जी-रामजी (मनरेगा) योजना के तहत बड़े फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि असली मजदूरों की जगह AI से तैयार की गई तस्वीरें अपलोड कर सरकारी राशि निकाली जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सिंघार ने कहा कि जिले में 120 से अधिक ऐसे फर्जी मजदूर सामने आए हैं, जिनका अस्तित्व केवल तस्वीरों तक सीमित है, लेकिन भुगतान पूरा किया गया है।

उमंग सिंघार ने कहा कि जी-रामजी योजना को गरीब मजदूरों की आजीविका और सम्मान से जोड़ा जाना चाहिए था, लेकिन इसे भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं के नाम बदल दिए गए हैं, लेकिन सिस्टम वही पुराना और भ्रष्ट बना हुआ है। सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ-साथ दोषी अधिकारियों और संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने अशोकनगर जिले के चंदेरी में सामने आए मारपीट के मामले को लेकर भी सरकार को घेरा। भाजपा नेता और सरपंच द्वारा युवक की कथित पिटाई के वीडियो का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता से जुड़े लोग खुलेआम कानून हाथ में ले रहे हैं। सिंघार ने इसे कानून व्यवस्था की विफलता बताते हुए सवाल उठाया कि जब सत्ता में बैठे लोग ही कानून तोड़ेंगे, तो आम जनता खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगी।

Priyanshi Chaturvedi 9 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.