Dakhal News
खरगोन। सांप्रदायिक हिंसाग्रस्त प्रदेश के खरगोन में शुक्रवार को भी दो घंटे की ढील दी गई। इस दौरान लोगों ने आवश्यक चीजों की खरीदारी की। कर्फ्यू में ढील के दौरान पुलिस की कड़ी नजर रही। जुमा और गुड फ्राइडे पर सभी धर्मालय बंद रहे। जुमे की नमाज लोगों ने घरों पर पढ़ी और शनिवार को हनुमान जयंती पर भी मंदिर बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
सांप्रदायिक हिंसा के बाद खरगोन में शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक फिर कर्फ्यू में छूट दी गई। आज यह छूट महिला-पुरुष दोनों के लिए थी। लोगों ने सब्जी, फल, दूध, किराना, मेडिकल, इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग, मिठाई और नमकीन शॉप्स खोली लेकिन लोगों को गाड़ी ले जाने की परमिशन नहीं दी गई थी।कर्फ्यू में ढील के दौरान पुलिस का बंदोबस्त चाक चौबंद रहा। दुकानों को छोड़कर दूसरे स्थानों पर 5 या इससे ज्यादा लोगों को एकत्र नहीं होने दिया गया। शहर में धार्मिक स्थल नहीं खुले। लोगों ने आज जुमे की नमाज भी घर में ही पढ़ी। गुड फ्राइडे होने के बावजूद चर्च भी बंद रहे। वहीं, प्रशासन के अनुसार शनिवार को हनुमान जयंती पर मंदिर भी बंद रहेंगे।
अफवाह निकली रात में पथराव की सूचना
खरगोन शहर में गुरुवार रात को आनंद नगर में पथराव होने की सूचना मिली थी लेकिन एसपी ने इसे अफवाह बताया। कमांडेंट 24वीं बटालियन अंकित जायसवाल ने बताया कि पथराव की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस बल लेकर पहुंचे थे लेकिन सूचना अफवाह निकली। उन्होंने बताया कि शहर में आगजनी और पथराव के मामले में अब तक 148 को गिरफ्तार किया गया है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |