
Dakhal News

मध्य प्रदेश में आगामी 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में चुनाव से पहले कांग्रेस ने हिंदुत्व कार्ड खेलकर नया मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ बनाया है। ऐसा माना जा रहा है कि ब्राह्मणों को साधने के लिए कांग्रेस ने इसका गठन किया है। इसे लेकर प्रदेश के गृह मंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसा है।
दरअसल गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जो 40 प्रकोष्ठ का हाल हुआ है, वही हाल इस 41वें प्रकोष्ठ का भी होगा। कांग्रेस पूरी तरह से बेहाल नजर आ रही है। मुझे लगता है कि इस बेहाल पार्टी को कोई बचा नहीं पाएगा।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पहली बार मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ का गठन किया है। इस प्रकोष्ठ के जरिए कांग्रेस हिंदुत्व की छवि चमकाने की तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस ने मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ का गठन कर शिवनारायण शर्मा को अध्यक्ष बनाया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस प्रकोष्ठ के जरिए कांग्रेस मंदिर और पुजारियों के मुद्दे भी उठाना चाहती है।
बता दें कि इससे पहले प्रदेश कांग्रेस ने अप्रैल 2022 में रामनवमी और हनुमान चालीसा पर अपने कार्यकर्ता, पदाधिकारियों, विधायकों को रामलीला, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ करने के निर्देश दिए थे। ताकि चुनाव से पहले कांग्रेस जनता के बीच अपनी पैठ को और मजबूत कर सके।
सी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में भव्य हनुमान मंदिर बनाया है। भाजपा हमेशा से कांग्रेस को हिंदूविरोधी पार्टी बताती रही है। और इसका फायदा भी उसे चुनाव में मिलता रहा है। लेकिन अब कांग्रेस हिंदुत्व के मुद्दे पर भाजपा को टक्कर देने में जुट गई है।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |