प्रिंट मीडिया का लगातार बढ़ रहा है प्रभाव
प्रिंट मीडिया का लगातार बढ़ रहा है प्रभाव

रजिस्ट्रार आॅफ न्यूज पेपर फाॅर इंडिया में अभी भी प्रतिदिन औसतन सौ आवेदन पत्र हिन्दी, अंग्रेजी व अन्य भारतीय भाषाओं में नए समाचार पत्र एवं पत्रिकाएं प्रारंभ करने के पंजीयन के लिए प्राप्त होते हैं। इससे स्पष्ट है कि देश में प्रिंट मीडिया का प्रभाव अभी लगातार बढ़ ही रहा है। इस समय आर.एन.आई. में कुल 1 लाख पांच हजार पत्र-पत्रिकाएं पंजीकृत हैं। इसमें से सर्वाधिक संख्या हिन्दी भाषी पत्र-पत्रिकाओं की है। जिसके बाद अंग्रेजी, मराठी और उर्दू का क्रम आता है। यह जानकारी रजिस्ट्रार आॅफ न्यूज पेपर फाॅर इंडिया और महानिदेशक  एस.एम. खान ने भोपाल में  पब्लिक रिलेशन सोसायटी आॅफ इंडिया (पी.आर.एस.आई.), भोपाल चैप्टर द्वारा आयोजित विशेष व्याख्यान में दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पी.आर.एस.आई. भोपाल चैप्टर के अध्यक्ष पुष्पेन्द्रपाल सिंह ने की।

भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी  खान ने बताया कि आर.एन.आई. द्वारा समाचार पत्रों के पंजीयन की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने का प्रयास हो रहा है। इसके लिए प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई के विभिन्न चरणों में आवेदकों को एस.एम.एस. भेजना प्रारंभ कर दिया गया है। इस प्रक्रिया में आवेदन प्राप्त होने, दस्तावेज प्राप्त होने और पत्र-पत्रिकाओं के टाईटल पंजीकृत होने पर आवेदकों को सूचना भेजी जाती है।

उन्होंने यह जानकारी दी कि पंजीकृत समाचार पत्रों में से कई का अब प्रकाशन नहीं हो रहा है। लेकिन उनके द्वारा डी-रजिस्ट्रेशन नहीं कराए जाने से हजारों टाईटल ब्लाॅक हो गए हैं। इससे नए आवेदकों को अच्छे टाईटल प्राप्त करने में असुविधा हो रही है। यही कारण है कि बहुत से हास्यास्पद टाईटल के साथ नए पत्र-पत्रिकाएं प्रारंभ हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में देश के सभी डी.एम. को पत्र लिखकर लंबे समय से अप्रकाशित पत्र-पत्रिकाओं की जानकारी विस्तृत रूप से मंगाई जा रही है। इसके पश्चात निर्णय लिया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पी.आर.एस.आई., भोपाल चैप्टर के अध्यक्ष पुष्पेन्द्र पाल सिंह ने कहा कि आर.एन.आई. से जुड़ी बहुत सी तकनीकी जानकारियों को लोगों तक पहुंचाने और उन्हें जागरूक करने की आवश्यकता है। कई बार नए आवेदन करने वाले लोगों के अलावा लंबे समय से पत्र-पत्रिकाओं का प्रकाशन कर रहे लोग भी अखबार पंजीयन के कानून और प्रक्रिया से अनभिज्ञ रहते हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य वक्ता श्री एस.एम. खान ने महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन पी.आर.एस.आई. भोपाल चैप्टर के कोषाध्यक्ष मनोज द्विवेदी ने और कार्यक्रम का संचालन पी.आर.एस.आई. के सचिव डाॅ. संजीव गुप्ता द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में आकाशवाणी के निदेशक  मनीष गौतम, पत्र सूचना कार्यालय के उपनिदेशक अखिल कुमार नामदेव, एमपी पोस्ट डाॅट काॅम के संपादक सरमन नगेले, समय जगत के प्रधान संपादक अशोक त्रिपाठी, पी.आर.एस.आई. भोपाल के वरिष्ठ सदस्य विजय बोंद्रिया, विष्णु खन्ना, अविनाश वाजपेयी, महेन्द्र परमार एवं उमा भार्गव, मेट्रो मिरर डाॅट काॅम के संपादक हर्ष सुहालका, जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी के योगेश पटेल, विशेष सोनी, राजेश गाबा, सत्येन्द्र पंडित, अमरेंद्र आर्य, अनिल पाण्डे, राहुल जैन, अभिषेक कौशल, जेनब सुल्तान, अनुर्षा हिरवे, भाषित दीक्षित, यशा जैन, अंकुर अवस्थी, राकेश पाण्डे, गोविंद चैरसिया सहित कई पत्रकार, शैक्षिक संगठनों के प्रतिनिधि और मीडिया के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Dakhal News 3 October 2016

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.