पंचायत' सीजन 5 की रिलीज डेट घोषित, 3 दिसंबर से OTT पर होगी स्ट्रीम
  Release date for

 

ओटीटी की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की रिलीज डेट घोषित कर दी गई है। प्राइम वीडियो ने बुधवार को जानकारी दी कि सीजन 5 आगामी 3 दिसंबर से स्ट्रीम होगा। नई कहानी में दर्शक एक बार फिर फुलेरा गांव और सचिवजी के साथ नजर आएंगे। इस बार गांव की राजनीति, बदलते रिश्तों और नए सत्ता समीकरणों के बीच कहानी आगे बढ़ेगी। फुलेरा को नया प्रधान मिल चुका है और अब नए प्रधानपति बनराकस यानी भूषण की भूमिका और उसकी योजनाएं सीजन का मुख्य आकर्षण होंगी।

‘पंचायत’ का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सानविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे। निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। सीरीज की शुरुआत 3 अप्रैल 2020 को हुई थी, जिसमें इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अभिषेक त्रिपाठी की कहानी दिखाई गई थी, जो नौकरी के लिए उत्तर प्रदेश के काल्पनिक गांव फुलेरा में पंचायत सचिव बनकर पहुंचता है। पहले सीजन को मिली सफलता के बाद दूसरा सीजन 2022, तीसरा 2024 और चौथा जून 2025 में रिलीज हुआ था। अब करीब डेढ़ साल बाद पांचवां सीजन दर्शकों के सामने होगा।

‘पंचायत’ को दर्शकों के साथ-साथ पुरस्कारों में भी पहचान मिली है। नवंबर 2023 में ‘पंचायत 2’ को 54वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में बेस्ट वेब सीरीज का पहला OTT अवॉर्ड मिला था। वहीं, प्राइम वीडियो के अनुसार, चौथे सीजन को रिलीज के पहले सप्ताह में 180 से अधिक देशों में देखा गया और यह 42 से ज्यादा देशों में प्लेटफॉर्म की टॉप-10 ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल रहा। TVF के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने बताया कि पांचवें सीजन में फुलेरा के किरदारों की कहानी को नई चुनौतियों, बदलते रिश्तों और नए मोड़ों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उनके मुताबिक, ‘पंचायत’ भारत की उन चुनिंदा सीरीज में शामिल है, जिसने OTT पर पांच सीजन पूरे किए हैं।

Dakhal News 18 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.