Dakhal News
वाराणसी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली को इस बार और भव्य बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 24 नवंबर को काशी के गंगा घाट 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे। गंगा आरती के बाद शाम 7:20 बजे से लेजर शो और 3D प्रोजेक्शन मैपिंग का आयोजन होगा। इसके बाद रात 8 बजे 2100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में आकर्षक आकृतियां बनाएंगे। रात 8:30 बजे ग्रीन आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर देव दीपावली के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। काशी के सभी 88 पक्के घाटों पर 5 लाख, गंगा पार रेतीले क्षेत्र में साढ़े 3 लाख और शहर के 103 कुंडों पर दीप जलाए जाएंगे। कुल 11 लाख दीपों में 10 लाख मिट्टी और एक लाख गोबर के दीये शामिल हैं। शाम 7:20 से 7:45 बजे तक होने वाले लेजर शो में काशी की आध्यात्मिक विरासत को 3D तकनीक के जरिए दिखाया जाएगा। वहीं, 15 मिनट के ड्रोन शो में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, शिव तांडव और मां गंगा से जुड़े दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे।
देव दीपावली को लेकर वाराणसी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है और होटल बुकिंग में भी तेजी आई है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में करीब 2200 गेस्ट हाउस और 4500 टू स्टार से फाइव स्टार होटल व होमस्टे मौजूद हैं, लेकिन इनमें से 95 प्रतिशत होटल पहले ही बुक हो चुके हैं। कमरों की कमी के चलते कुछ होमस्टे संचालक बरामदों में भी ठहरने की व्यवस्था कर रहे हैं। वहीं, सामान्य दिनों में 1000 से 1500 रुपये में मिलने वाले होमस्टे के कमरों का किराया बढ़कर 2500 से 3500 रुपये तक पहुंच गया है। पर्यटकों को ठहरने के लिए 5 से 10 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |