Dakhal News
TI Dilip Puri’s wife to receive a compassionate appointment to the post of SI
देवास जिले के खातेगांव में शराब तस्करी से जुड़े एक मामले में कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद उनके गृह ग्राम बरमंड सहित पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, दिलीप पुरी कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित पुलिस अधिकारी थे। उन्होंने वर्ष 2007 में पुलिस विभाग में सेवाएं शुरू की थीं। बताया जा रहा है कि शराब तस्करों को रोकने के दौरान टीआई ने ट्रक चालक को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया, जिसकी चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताते हुए दिवंगत टीआई को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने दिलीप पुरी की पत्नी को पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक यानी SI के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी दिलीप पुरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा और बहादुरी के साथ पुलिस सेवा में अपना योगदान दिया। उन्होंने देवास कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर घटना की जांच के संबंध में जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच होगी और घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने की बात कही
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |