जनगणना 2027 की तैयारी तेज, रायपुर में ग्रामीण और शहरी अधिकारियों को प्रशिक्षण
 Preparations for the 2027 Census intensify; training held in Raipur for rural and urban officials.

 

जनगणना 2027 को लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी। इसके तहत प्रगणक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए घर-घर जाकर परिवारों की जानकारी दर्ज करेंगे। वहीं, नागरिकों को भी पहली बार स्मार्टफोन या वेब पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार का विवरण खुद भरने यानी स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। हालांकि, नागरिकों की ओर से दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन पर्यवेक्षकों द्वारा किया जाएगा। इस नई व्यवस्था को व्यवस्थित तरीके से लागू करने के लिए रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य एवं नागरिक पंजीकरण के निदेशक कार्तिकेय गोयल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। चार दिवसीय प्रशिक्षण के पहले दो दिन ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई, जबकि अगले दो दिन शहरी क्षेत्रों के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने, मोबाइल एप के इस्तेमाल और स्व-गणना से जुड़ी व्यवस्थाओं पर जानकारी दी गई।

जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना में प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ी जनसांख्यिकीय, सामाजिक-सांस्कृतिक और आर्थिक जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इसके साथ ही प्रवासन और प्रजनन से संबंधित पहलुओं को भी शामिल किया जाएगा। इन आंकड़ों का इस्तेमाल केवल देश की आबादी का आकलन करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में भी किया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को तैयार करने में जनगणना के आंकड़े महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।

Dakhal News 2 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.