Dakhal News
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स में निधन हो गया। वे करीब 76 वर्ष की थीं और पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। जानकारी के मुताबिक, उनकी तबीयत गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। मां के निधन की खबर मिलते ही शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। शुक्रवार को रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन सहित उनके अन्य कार्यक्रम भी निरस्त कर दिए गए हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, काशीबाई का अंतिम संस्कार दोपहर 3 बजे शिवराज सिंह चौहान के पैतृक गांव जैत, जिला सीहोर में किया जाएगा।
स्वर्गीय काशीबाई शिवराज सिंह चौहान की दूसरी मां थीं। उनकी पहली मां सुंदरबाई का निधन उनके बचपन में ही हो गया था, जिसके बाद उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने काशीबाई से विवाह किया था। काशीबाई ने शिवराज सिंह चौहान और उनके भाई-बहनों की परवरिश की। उन्होंने शिवराज के साथ नरेंद्र सिंह चौहान, शशि और रोहित सिंह चौहान का भी पालन-पोषण किया। इसके अलावा उनके अपने बेटे वरुण सिंह चौहान भी हैं, जो पेशे से अधिवक्ता हैं। परिवार के लिए काशीबाई का निधन एक बड़ी व्यक्तिगत क्षति है।
मां के निधन पर शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि आज उनके पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुख और पीड़ा का दिन है। उनकी पूज्य माताजी श्रीमती काशीबाई उन्हें छोड़कर अनंत यात्रा पर चली गई हैं। शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि मां का जाना जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता और उनकी स्मृतियां मन को भावुक कर रही हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उनकी माताजी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही उन्होंने अंतिम संस्कार का समय और स्थान भी साझा किया।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |