Dakhal News
भारत और रूस ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम करने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आपसी सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रूस की संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदीन के बीच हुई बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ओम बिरला ने रूसी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत को रूस के समर्थन की सराहना भी की।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आतंकवाद से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के एकजुट प्रयासों की जरूरत पर बल दिया। ओम बिरला ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ संकल्प के साथ मिलकर काम करना जरूरी है। इसके साथ ही वैश्विक मंचों पर भारत और रूस के बीच संसदीय सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। ओम बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच मजबूत हुई रणनीतिक साझेदारी का भी जिक्र किया। वर्ष 2027 में भारत और रूस के राजनयिक संबंधों के 80 साल पूरे होने जा रहे हैं।
इसी बीच, भारत की संसद 26 अक्टूबर 2026 से 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच की मेजबानी करेगी। दो दिवसीय इस आयोजन में ब्रिक्स सदस्य देशों के संसदीय प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। मंच के माध्यम से सदस्य देशों के बीच संसदीय संवाद और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। इस आयोजन से पहले ओम बिरला और व्याचेस्लाव वोलोदीन के बीच हुई बैठक को भारत-रूस संसदीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |