‘ दृश्यम 3’ की कमाई 500 करोड़ पार
‘  Drishyam 3’ crosses ₹500 crore mark in earnings

 

अजय देवगन की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 501.80 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। इस आंकड़े के साथ यह अजय देवगन के करियर की बतौर लीड एक्टर 500 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली फिल्म बन गई है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 323.50 करोड़ रुपए हो चुका है और यह 2026 की देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी फिल्म बन गई है।

रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को फिल्म ने भारत में 8.50 करोड़ रुपए कमाए। सोमवार के 6 करोड़ रुपए के मुकाबले मंगलवार की कमाई में करीब 41.7 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया। टिकटों की कीमतों में कमी और लगभग 1,000 नई स्क्रीन जुड़ने से फिल्म को फायदा मिला। रिलीज के पहले हफ्ते में फिल्म ने 245.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था, जबकि 2 अक्टूबर को रिलीज होने के बाद पहले वीकेंड में 176.50 करोड़ रुपए की कमाई दर्ज की गई। दूसरे हफ्ते में बड़ी फिल्मों की कमी का फायदा भी इसे मिल रहा है।

वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में ‘दृश्यम 3’ ने ‘बॉर्डर 2’ के 464.50 करोड़ और ‘हनुमान अंश’ के 436.75 करोड़ रुपए के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में अब यह ‘धुरंधर 2’ से पीछे है, जिसने 1,852.44 करोड़ रुपए की कमाई की है। ‘दृश्यम 3’ ने अजय देवगन की पिछली सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘सिंघम अगेन’ के 389 करोड़ रुपए के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, सबसे ज्यादा कमाई करने वाले बॉलीवुड सितारों की सूची में अजय देवगन अब भी रणवीर सिंह, रणबीर कपूर, आमिर खान और शाहरुख खान जैसे कलाकारों से पीछे हैं।

 

 

Dakhal News 14 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.