Dakhal News
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने खेल प्रशासन में कदम रखा है। उन्हें मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। रविवार को भोपाल में हुए चुनाव में प्रदेश के 33 जिला संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्तिकेय को 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने प्रदेश में वॉलीबॉल के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप जल्द तैयार किया जाएगा। इसके तहत हर जिले में खेल के विकास के लिए रोडमैप बनाया जाएगा। उन्होंने नई प्रतिभाओं को आगे लाने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और जिला संघों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उनका लक्ष्य वॉलीबॉल को प्रदेश के गांवों और युवाओं तक पहुंचाना है। उन्होंने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए संघ के पदाधिकारियों और जिला प्रतिनिधियों का आभार भी जताया।
चुनाव अधिकारी एडवोकेट दिलीप मालवीय ने चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई। नई कार्यकारिणी में अनवर खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विधायक आशीष शर्मा और राम पांडे को उपाध्यक्ष, सतीश जोशी को महासचिव और विशाल शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं, डीआर सिंह और राजेश शुक्ला संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। बैठक में विभिन्न आयु वर्गों की राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप आयोजित कराने को भी मंजूरी दी गई। अब नई कार्यकारिणी के सामने प्रदेश में खेल का विस्तार करने, जिला संघों को मजबूत बनाने और उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने की जिम्मेदारी होगी।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |