Dakhal News
अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद कंगना ने प्रदर्शन के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘देशद्रोही और आतंकी ताकतें’ करार दिया। अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए जाते समय लखनऊ में उन्होंने कहा कि देश को अस्थिर करने की साजिश रची जा रही है और अब ऐसी ताकतों का सच सामने आ रहा है। कंगना के मुताबिक, लोग इन गतिविधियों को पहचानने लगे हैं और सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश की सुरक्षा के लिए एजेंसियां काम कर रही हैं, लेकिन आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कंगना रनोट ने कहा कि अब केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि आम जनता भी ऐसे लोगों से सवाल करेगी। उनका बयान उस समय आया है, जब दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक विरोध तेज है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को करीब 7 हजार लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें CJP के नेता, छात्र, वकील और कुछ पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल थे। इनमें से ज्यादातर लोगों को शाम तक छोड़ दिया गया, जबकि जंतर-मंतर और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग जारी रही।
इससे पहले कंगना रनोट ने भारत में स्टारलिंक को लाइसेंस मिलने में देरी के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत की नीतियां देश की जनता तय करेगी, कोई अरबपति नहीं। कंगना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हासन की टिप्पणी की तारीफ करते हुए इसे तीखा और सटीक बताया। दरअसल, एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक की सेवा को मंजूरी मिलने में देरी पर सवाल उठाए थे और कहा था कि कंपनी कई देशों में सेवाएं देने की अनुमति हासिल कर चुकी है। इस मुद्दे पर भी भारत की नीतियों और विदेशी कंपनियों को लाइसेंस देने की प्रक्रिया को लेकर बहस हुई थी।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |