मुंबई में निवेशकों से CM मोहन यादव की मुलाकात
  CM Mohan Yadav meets investors in Mumbai.

 

मध्य प्रदेश में निवेश बढ़ाने की दिशा में मुंबई में हुई बैठकों के दौरान कई बड़े औद्योगिक समूहों ने प्रदेश में नई परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ RPG समूह के चेयरमैन हर्ष गोयनका और Welspun Enterprises के एमडी संदीप गर्ग समेत उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश को लेकर विचार-विमर्श किया। RPG समूह ने जबलपुर, रतलाम और सागर में टायर निर्माण के साथ जबलपुर में विद्युत पारेषण क्षेत्र में निवेश की संभावना जताई। उज्जैन के आईटी पार्क में तैयार बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल कर IT सेक्टर में गतिविधियां शुरू करने पर भी चर्चा हुई। वहीं Welspun समूह ने पाइप निर्माण, टेक्निकल टेक्सटाइल और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट्स में रुचि दिखाई है।

निवेश प्रस्तावों की कड़ी में Welspun की ओर से एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में करीब 150 करोड़ रुपये के निवेश पर चर्चा हुई, जबकि सिंटेक्स के करीब 700 करोड़ रुपये के प्रगतिरत निवेश को लेकर भी बातचीत हुई। दूसरी ओर, Inox Air Products ने गुना में सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन गैस प्लांट के लिए 1,260 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। कंपनी के मुताबिक परियोजना से स्थानीय स्तर पर 320 से अधिक रोजगार के अवसर बनने की संभावना है और उत्पादन अप्रैल 2029 से शुरू करने का लक्ष्य है। इसके अलावा Bhilosa Industries ने धार के PM मित्र पार्क को केंद्र में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से 7,500 करोड़ रुपये के निवेश और करीब 3,750 प्रत्यक्ष रोजगार का प्रस्ताव रखा है। कंपनी की योजना पॉलिएस्टर यार्न, फाइबर और मैन-मेड फाइबर आधारित उत्पादों का एकीकृत विनिर्माण नेटवर्क विकसित करने की है।

इसी क्रम में Ipca Laboratories ने देवास में करीब 1,000 करोड़ रुपये और उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में करीब 80 करोड़ रुपये के निवेश की योजना सामने रखी है। दोनों परियोजनाओं से करीब 1,500 रोजगार के अवसर बनने की संभावना जताई गई है। रतलाम के प्रस्तावित बायोटेक पार्क से कंपनी को जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इन बैठकों में मध्य प्रदेश की औद्योगिक सुविधाओं, कनेक्टिविटी, उपलब्ध जमीन और निवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियों को लेकर चर्चा हुई। अब इन प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने के लिए कंपनियों की ओर से संभावित स्थानों का निरीक्षण और आगे की प्रक्रिया पूरी की जानी है।

 

Dakhal News 8 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.