Patrakar Priyanshi Chaturvedi
संसद के मानसून सत्र में शुक्रवार को भी विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहा। तेज बारिश के बीच विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के मुद्दे को लेकर संसद परिसर में विरोध किया। हंगामे के बीच लोकसभा ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक 2026 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। वहीं, राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के सदन में आने की मांग करते हुए नारेबाजी की। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जवाब दिया कि अमित शाह सुबह से रात तक संसद में रहते हैं और सदन में जवाब देने की जिम्मेदारी संबंधित मंत्री की होती है। हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी गई।
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह अपने आवास पर करीब 45 नए लोकसभा सांसदों के साथ नाश्ते पर मुलाकात की। नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सांसद जगदीश बसुनिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि वे सभी NDA परिवार का हिस्सा हैं। इससे पहले कांग्रेस ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव देकर जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर चर्चा की मांग की थी। सांसद मणिकम टैगोर ने गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में बयान देने और न्यायिक जांच की मांग की। लोकसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित होने के बाद सोमवार तक और राज्यसभा की कार्यवाही भी विपक्षी हंगामे के चलते सोमवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |