एमपी उपचुनावों में बीजेपी का दबदबा, पिछले 6 साल में 60% से ज्यादा सीटों पर जीत
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना के बीच प्रदेश में उपचुनावों के पिछले रिकॉर्ड भी चर्चा में हैं। वर्ष 2019 से 2024 के बीच हुए उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन कांग्रेस की तुलना में बेहतर रहा है। इस अवधि में 36 विधानसभा और एक लोकसभा सीट सहित कुल 37 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिनमें भाजपा ने 23 विधानसभा सीटों के साथ लोकसभा सीट भी अपने नाम की। वहीं कांग्रेस को केवल 13 विधानसभा सीटों पर जीत मिली। इस तरह उपचुनावों में भाजपा का सफलता प्रतिशत करीब 64 फीसदी रहा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उपचुनावों में अक्सर सत्ताधारी दल को बढ़त मिलती है, क्योंकि मतदाता सरकार के कामकाज को ध्यान में रखकर मतदान करते हैं। वर्ष 2024 में हुए तीन विधानसभा उपचुनावों में भी भाजपा ने अमरवाड़ा और बुधनी सीट पर जीत दर्ज की, जबकि विजयपुर सीट कांग्रेस के खाते में गई। वहीं, 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला था और वर्तमान में उसके 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 64 विधायक हैं। ऐसे में दतिया उपचुनाव का परिणाम दोनों दलों के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।