मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, विपक्ष का वॉकआउट; कई अहम विधेयकों पर चर्चा का समय तय
संसद के मानसून सत्र से पहले रविवार को संसद भवन एनेक्सी में हुई सर्वदलीय बैठक में 40 राजनीतिक दलों के 58 नेताओं ने हिस्सा लिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में करीब तीन घंटे चली बैठक के दौरान विपक्ष ने टीएमसी के बागी सांसदों के गुट को बुलाए जाने का विरोध करते हुए सांकेतिक वॉकआउट किया। विपक्ष का कहना था कि लोकसभा अध्यक्ष की ओर से संबंधित गुट को अब तक मान्यता नहीं दी गई है, ऐसे में उन्हें बैठक में शामिल करना उचित नहीं है।
बैठक के बाद हुई लोकसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) में कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा का समय तय किया गया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, FCRA संशोधन, आयकर संशोधन, जजों की संख्या, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और वंदे मातरम से जुड़े विधेयकों पर चार-चार घंटे तथा MSME विधेयक पर पांच घंटे चर्चा होगी। मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा और सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में वंदे मातरम से संबंधित विधेयक पेश करेंगे।