तीन राज्यों की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 30 जुलाई को वोटिंग और 3 अगस्त को मतगणना
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन रिक्त विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
इन तीनों सीटों पर अलग-अलग कारणों से उपचुनाव कराए जा रहे हैं। बिहार की बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई, मध्य प्रदेश की दतिया सीट पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की अयोग्यता के कारण खाली हुई, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट विधायक योगेशभाई पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई है। चुनाव आयोग के अनुसार 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी, 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे, 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
चुनाव आयोग ने बताया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची पहले ही अंतिम रूप देकर प्रकाशित की जा चुकी है। हालांकि नामांकन की अंतिम तिथि तक पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया जारी रहेगी। आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का भरोसा भी जताया है।