कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन तेज, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए CM; 4 डिप्टी सीएम पर मंथन
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद Siddaramaiah शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने Rahul Gandhi और कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में नए मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा हुई और सिद्धारमैया ने अपने बेटे यतींद्र सिद्धारमैया के लिए अहम मंत्रालय की मांग भी रखी। उधर, उनके इस्तीफे को आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है और अब कांग्रेस नेतृत्व नई सरकार के गठन की तैयारी में जुट गया है।
सूत्रों के मुताबिक, D. K. Shivakumar अगले मुख्यमंत्री के तौर पर अगले सप्ताह शपथ ले सकते हैं। पार्टी सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए चार डिप्टी सीएम बनाने पर भी विचार कर रही है। चर्चा है कि नई कैबिनेट में सिद्धारमैया गुट का दबदबा रहेगा और मौजूदा मंत्रिमंडल से करीब 10 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के बेटे और मंत्री प्रियंक खड़गे का नाम भी संभावित डिप्टी सीएम की सूची में बताया जा रहा है।
दरअसल, 2023 विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच लंबी खींचतान चली थी। तब पार्टी ने कथित तौर पर रोटेशनल फॉर्मूले के तहत सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री बनाया था, हालांकि कांग्रेस ने इसे कभी आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया। अब करीब तीन साल बाद सत्ता परिवर्तन के साथ कांग्रेस कर्नाटक में नए राजनीतिक संतुलन की कोशिश करती नजर आ रही है।