Patrakar Priyanshi Chaturvedi
तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में हुए भव्य समारोह में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ के दौरान विजय निर्धारित लाइन से आगे बोलने लगे, जिस पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें टोका। मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली, महिला सुरक्षा बल और एंटी-ड्रग्स स्क्वॉड गठन से जुड़ी फाइलों पर हस्ताक्षर किए।
TVK की दो साल पुरानी पार्टी ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 234 में से 108 सीटें जीतकर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव कर दिया। कांग्रेस, CPI, CPM, VCK और IUML के समर्थन से विजय ने बहुमत साबित किया और 59 साल बाद राज्य में DMK-AIADMK के अलावा किसी तीसरी पार्टी की सरकार बनी। विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन पर काम करेगी। उन्होंने पिछली DMK सरकार पर राज्य पर भारी कर्ज छोड़ने का आरोप भी लगाया।
विजय कैबिनेट में 9 मंत्रियों ने शपथ ली, जिनमें 29 वर्षीय सेल्वी एस कीर्तना सबसे युवा मंत्री बनीं। शपथ समारोह में फिल्म और राजनीति जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। कमल हासन और नवीन पटनायक समेत कई नेताओं ने विजय को बधाई दी। विजय के समर्थकों ने पूरे तमिलनाडु में LED स्क्रीन लगाकर समारोह का लाइव प्रसारण देखा। अभिनेता विजय का यह राजनीतिक सफर दक्षिण भारत में फिल्म स्टार्स की राजनीति में सफलता की एक और बड़ी मिसाल माना जा रहा है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |