Patrakar Priyanshi Chaturvedi
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रियांक खड़गे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा कि संघ टैक्स क्यों नहीं भरता। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन की वित्तीय गतिविधियों की पारदर्शिता पर सवाल हैं और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। खड़गे ने कहा कि देश का कानून और संविधान सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए, चाहे वह कोई भी संगठन क्यों न हो।
खड़गे ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने RSS को व्यक्तियों का संगठन बताया था। इस पर खड़गे ने सवाल किया कि क्या अन्य क्लब और संस्थाएं पंजीकृत नहीं होतीं और क्या वे टैक्स नहीं देतीं? उन्होंने ‘गुरु दक्षिणा’ के नाम पर मिलने वाले चंदे की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई अन्य व्यक्ति इसी तरह धन संग्रह करे तो क्या उसे भी वैसी ही छूट मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब तक संघ को पूरी तरह कानूनी दायरे में नहीं लाया जाएगा, वे यह मुद्दा उठाते रहेंगे।
खड़गे ने वीर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर देश के खिलाफ काम करने के आरोप रहे हैं, उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान क्यों दिया जाए। उनका यह बयान उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें मोहन भागवत ने कहा था कि सावरकर को भारत रत्न मिलने से इस सम्मान की प्रतिष्ठा और बढ़ेगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |