यूपी बजट से पहले कैबिनेट बैठक: 10 प्रस्तावों पर चर्चा
Cabinet meeting before UP budget: 10 proposals discussed

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार सुबह कैबिनेट की अहम बैठक होगी, जिसमें करीब 10 प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। इनमें बजट के प्रारूप को अंतिम मंजूरी देने के साथ स्थापना और प्रशासनिक मामलों से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। इसके बाद सुबह 11 बजे वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। माना जा रहा है कि यह बजट आकार में करीब 9.5 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार का आखिरी पूर्ण बजट होगा।

 

सरकार इस बजट में निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण पर विशेष फोकस रख सकती है। बजट का लगभग एक चौथाई हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए निर्धारित होने की संभावना है। पूर्वांचल और बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए लगभग 1900 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा सकता है, जो पिछले साल से अधिक होगा। नए एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स, जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने वाले लिंक मार्ग, मेट्रो विस्तार और बीडा (बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के लिए विशेष पैकेज की भी घोषणा संभव है। सड़कों, गृह विभाग, परिवहन, हवाई अड्डों और जलमार्गों के लिए भी बड़े आवंटन की तैयारी है।

 

जनकल्याण योजनाओं में वृद्धावस्था और निराश्रित महिला पेंशन में 500 रुपये की बढ़ोतरी, शिक्षा मित्रों के मानदेय में इजाफा और मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने जैसे वादों को पूरा करने की संभावना है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट को विकास और सुशासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट कृषि, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और वंचित वर्गों के कल्याण के साथ पूंजीगत व्यय को प्राथमिकता देकर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा।

Vandana Singh 11 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.