Patrakar Vandana Singh
चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे अभिनेता राजपाल यादव को फिल्म इंडस्ट्री से समर्थन मिलने लगा है। आर्थिक तंगी का जिक्र करने के बाद कई सेलेब्स उनके समर्थन में आगे आए हैं। अभिनेता और स्वयंभू फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान (केआरके) ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया कि वह राजपाल यादव की मदद के लिए 10 लाख रुपये देने को तैयार हैं। उन्होंने बॉलीवुड से भी अपील की कि सभी मिलकर करीब 5 करोड़ रुपये जुटाएं ताकि राजपाल यादव कर्ज चुकाकर जेल से बाहर आ सकें।
वहीं फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉयज (FWICE) ने भी एक पत्र जारी कर राजपाल यादव के साथ एकजुटता दिखाने की बात कही है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यह चैरिटी की अपील नहीं, बल्कि एक साथी सदस्य के समर्थन में खड़े होने की अपील है। इससे पहले सोनू सूद ने उन्हें एक फिल्म ऑफर की, जबकि राजनेता तेज प्रताप यादव और कुछ प्रोड्यूसर्स ने भी आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया है।
दरअसल, राजपाल यादव पर आरोप है कि उन्होंने ‘मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ से करीब 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे और भुगतान के लिए दिए गए कई चेक बाउंस हो गए। निचली अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए 6 महीने की सजा सुनाई। हाई कोर्ट ने सजा पर अस्थायी रोक लगाई थी, लेकिन भुगतान की शर्त पूरी नहीं होने पर राहत समाप्त हो गई। अदालत ने उनके रवैये पर नाराजगी जताई, जिसके बाद उन्होंने बीते गुरुवार तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया।
Patrakar Vandana Singh
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |