Patrakar Vandana Singh
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात फूट पड़ा। बिजावर क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया और हालात बिगड़ने पर पथराव भी किया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग के साथ वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। देर रात तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।
बिजावर के एसडीएम राकेश शुक्ला ने बताया कि केन-बेतवा परियोजना के तहत बांध निर्माण कार्य जारी है, लेकिन कुछ लोग लगातार विरोध कर रहे थे। प्रशासन ने उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की, बावजूद इसके कुछ लोगों ने पत्थर उठाकर हमला करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले ने बताया कि दोधन गांव के विस्थापित ग्रामीण अपनी लंबित मांगों को लेकर आक्रोशित थे। हालांकि पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि कानूनी दायरे में आने वाली सभी मांगों पर विचार किया जाएगा और उचित कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस गश्त जारी है और हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।
Patrakar Vandana Singh
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |